तिरुपति के भगवान वेंकटेश्वर मंदिर का प्रबंधन करने वाले तिरुमला तिरुपति देवस्थानम (TTD) और चंद्रबाबू नायडू सरकार पर मंदिर में टिकट वितरण में कथित कुप्रबंधन को लेकर कड़ी आलोचना हो रही है।
आंध्र प्रदेश के उप मुख्यमंत्री पवन कल्याण ने गुरुवार को कहा कि उनकी सरकार तिरुपति में वैकुंठ द्वार दर्शन टिकटिंग सेंटरों के पास हुई भगदड़ की घटना की पूरी ज़िम्मेदारी लेती है, जिसमें बुधवार को छह लोगों की मौत हो गई।
डिप्टी सीएम पवन कल्याण ने CNN-News18 से बातचीत में कहा, “हम इस घटना की पूरी ज़िम्मेदारी लेते हैं… हम किसी भी ज़िम्मेदारी से भाग नहीं रहे हैं। मैं आश्वासन देता हूं कि दोषियों के खिलाफ उचित कार्रवाई की जाएगी।”
डिप्टी सीएम के यह बयान मुख्यमंत्री चंद्रबाबू नायडू के नेतृत्व वाली आंध्र प्रदेश सरकार और TTD के प्रबंधन को लेकर हो रही कड़ी आलोचना के बीच आए हैं।
FIR में भीड़ को बताया गया दोषी
इस घटना में तिरुपति पुलिस द्वारा दर्ज की गई दो एफआईआर में से एक ने इस त्रासदी के लिए भीड़ को जिम्मेदार ठहराया है। यह एफआईआर नरायणवनम मंडल के तहसीलदार एम. जयरामुलु की शिकायत के आधार पर तिरुपति ईस्ट पुलिस स्टेशन में दर्ज की गई थी।
एफआईआर भारतीय न्याय संहिता (Bharatiya Nyaya Sanhita) की धारा 194 के तहत दर्ज की गई है, जो सार्वजनिक स्थान पर झगड़े और सार्वजनिक शांति भंग करने से संबंधित है।
शिकायत में कहा गया कि मृतक वैकुंठ एकादशी के दौरान भगवान वेंकटेश्वर के दर्शन के लिए टोकन लेने श्री रामनायडू स्कूल गए थे। जब वे श्री पद्मावती पार्क में प्रतीक्षा कर रहे थे, तो अचानक भीड़ के धक्का-मुक्की के कारण लोग गिर पड़े।
भीड़ में भगदड़ के कारण हुई मौतें
घटना के दौरान 4,000 से अधिक श्रद्धालु मौजूद थे। गेट खुलने पर भारी भीड़ के कारण भगदड़ मच गई। घटना में घायल हुए लोगों को अस्पताल ले जाया गया, जहां उनकी मौत हो गई।
मुख्यमंत्री नायडू ने घटना की समीक्षा की
मुख्यमंत्री चंद्रबाबू नायडू ने आज तिरुपति का दौरा कर घायलों से मुलाकात की और TTD टोकन काउंटरों के प्रबंधन और सुरक्षा की समीक्षा की। उन्होंने कहा, “यह घटना मुझे गहरे रूप से विचलित करती है,” और घायल हुए लोगों के लिए उचित राहत उपायों का आदेश दिया।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी घटना में मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की।
एक्स-ग्रेशिया का ऐलान
आंध्र प्रदेश सरकार ने इस भगदड़ में मारे गए छह भक्तों के परिवारों के लिए 25 लाख रुपये की एक्स-ग्रेशिया की घोषणा की है।
