जामनगर न्यूज़:
जामनगर जिला पुलिस अधीक्षक डॉ. रवि मोहन सैनी द्वारा चलाए जा रहे ‘नो ड्रग्स इन जामनगर’ अभियान के तहत पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। जामनगर स्पेशल ऑपरेशन ग्रुप (SOG) ने मोती खावड़ी इलाके में सक्रिय एक बड़े नशा तस्करी नेटवर्क का पर्दाफाश किया है। इस कार्रवाई में पंजाब से हेरोइन की खेप सप्लाई करने आए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है।
SOG का होटल में छापा
SOG टीम को मिली पुख्ता सूचना के आधार पर मोती खावड़ी गांव स्थित होटल 666 में छापा मारा गया। छापे के दौरान होटल में ठहरे चार पंजाबी आरोपियों के पास से भारी मात्रा में मादक पदार्थ बरामद किया गया। जब्त किए गए 418 ग्राम हेरोइन की अंतरराष्ट्रीय बाजार कीमत लगभग ₹83,60,000 आंकी गई है।

गिरफ्तार आरोपियों के नाम विशाल सिंह, हरप्रीत सिंह, बिक्रमजीत सिंह और जगदीप सिंह बताए गए हैं। इस मामले में मेघपर (पड़ाणा) पुलिस स्टेशन में NDPS एक्ट के तहत मामला दर्ज कर आगे की पूछताछ जारी है।
जांच पंजाब तक पहुंची
आरोपियों से की गई प्रारंभिक पूछताछ में चौंकाने वाले खुलासे हुए हैं। जांच में सामने आया है कि यह हेरोइन अमृतसर निवासी फिलिप्स उर्फ फौजी नामक शख्स द्वारा सप्लाई की गई थी। पुलिस ने फिलिप्स उर्फ फौजी को फरार घोषित कर दिया है और पंजाब में सक्रिय मुख्य ड्रग सप्लायर तक पहुंचने के लिए जांच तेज कर दी गई है।
