BYJU’S के संस्थापक बायजू रविंद्रन को सिंगापुर कोर्ट से बड़ा झटका, 6 महीने की जेल और भारी जुर्माना

एक समय भारत के सबसे सफल एडटेक उद्यमियों में गिने जाने वाले BYJU’S के संस्थापक बायजू रविंद्रन की मुश्किलें लगातार बढ़ती जा रही हैं। सिंगापुर की अदालत ने अदालत की अवमानना और संपत्ति से जुड़े आदेशों का पालन न करने के मामले में उन्हें 6 महीने की जेल की सजा सुनाई है। साथ ही कोर्ट ने उन पर 90,000 सिंगापुर डॉलर यानी करीब 70,500 अमेरिकी डॉलर का भारी जुर्माना भी लगाया है।

कोर्ट के आदेशों की अनदेखी पड़ी भारी

ब्लूमबर्ग की रिपोर्ट के अनुसार, बायजू रविंद्रन अप्रैल 2024 से अपनी संपत्तियों और निवेश से जुड़े कई अदालत आदेशों का पालन नहीं कर रहे थे। इसी वजह से सिंगापुर कोर्ट ने उनके खिलाफ सख्त रुख अपनाया।

अदालत ने उन्हें तुरंत संबंधित अधिकारियों के सामने सरेंडर करने का आदेश दिया है।

इसके अलावा कोर्ट ने उनसे ‘Beer Investco Private Limited’ कंपनी में उनकी हिस्सेदारी से जुड़े कानूनी दस्तावेज और स्वामित्व के प्रमाण भी मांगे हैं।

कतर निवेशकों ने दर्ज कराया मामला

यह हाई-प्रोफाइल कानूनी विवाद कतर इन्वेस्टमेंट अथॉरिटी की सहायक कंपनी Qatar Holdings द्वारा दायर किया गया था।

रिपोर्ट के मुताबिक, यह विवाद उस समय शुरू हुआ जब BYJU’S कंपनी बड़े पैमाने पर कर्मचारियों की छंटनी कर रही थी और उसी दौरान विदेशी निवेशकों द्वारा कंपनी में भारी निवेश किया गया था।

इस मामले में Qatar Holdings की ओर से प्रसिद्ध लॉ फर्म Drew & Napier ने पैरवी की, जबकि बायजू रविंद्रन की ओर से Fervent Chambers ने अदालत में पक्ष रखा।

अमेरिका में भी चल रही कानूनी लड़ाई

सिंगापुर कोर्ट का यह फैसला बायजू रविंद्रन के लिए इसलिए भी बड़ा झटका माना जा रहा है क्योंकि वे पहले से ही अमेरिका में 1.2 अरब डॉलर की लोन विवाद से जुड़े गंभीर कानूनी मामलों का सामना कर रहे हैं।

विदेशी निवेशकों के साथ चल रहे विवादों और आर्थिक संकट के बीच BYJU’S का भविष्य लगातार अनिश्चित होता जा रहा है।

एक समय भारत के सबसे मूल्यवान एडटेक स्टार्टअप के रूप में पहचान बनाने वाली कंपनी अब कानूनी और वित्तीय संकटों से घिरी हुई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *