Ahmedabad News: अहमदाबाद के वस्त्रापुर क्षेत्र में ITC नर्मदा के पास स्थित शिवालिक हाई स्ट्रीट बिल्डिंग में भीषण आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। आग बिल्डिंग की चौथी मंजिल पर लगी, जिसके कारण अंदर मौजूद कई लोग फंस गए।
सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की 8 से 10 गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और राहत-बचाव कार्य शुरू किया गया।
25 से अधिक दमकलकर्मियों ने संभाला मोर्चा
नवरंगपुरा, बोडकदेव, थलतेज, प्रह्लादनगर और मणिनगर फायर स्टेशन की टीमें घटनास्थल पर पहुंचीं। 25 से अधिक फायरकर्मियों ने मिलकर रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया।

100 से अधिक लोगों को सुरक्षित निकाला गया
आग लगने के बाद लोग जान बचाने के लिए बिल्डिंग की छत पर पहुंच गए थे। फायर टीम ने स्नॉर्कल की मदद से 100 से अधिक लोगों को सुरक्षित नीचे उतारा।
आग के कारण पूरे परिसर में धुआं फैल गया था। धुएं की वजह से 4 से 5 लोगों को सांस लेने में दिक्कत हुई, जिन्हें तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया।
फिलहाल आग पर काबू पा लिया गया है और नुकसान का आकलन किया जा रहा है।
