सूरत में नकली घी फैक्ट्री का भंडाफोड़, डेढ़ साल से चल रहा था खेल

सूरत के वेलंजा में डेढ़ साल से चल रही नकली घी की फैक्ट्री का पर्दाफाश

सूरत के उमरा-वेलंजा रोड स्थित अवसर प्लाजा में पिछले डेढ़ साल से चल रही नकली घी बनाने की फैक्ट्री पर पुलिस ने छापा मारकर बड़ा खुलासा किया है। पुलिस ने यहां से 583 किलोग्राम तैयार नकली घी समेत करीब 5 लाख रुपये का सामान जब्त किया है। इस मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया है, जबकि इस पूरे रैकेट का मास्टरमाइंड फरार बताया जा रहा है।

‘श्री सहजानंद’ और ‘श्री गजानंद’ ब्रांड के नाम पर बिक रहा था नकली घी

पुलिस जांच में सामने आया है कि अवसर प्लाजा की दुकान नंबर 106 और 108 में यह अवैध कारोबार चल रहा था।

आरोपी पियुष विठ्ठल सांगाणी पिछले डेढ़ साल से असली घी जैसी खुशबू देने के लिए घातक केमिकल सिरप मिलाकर नकली घी तैयार करता था। इसके बाद इस नकली घी को ‘श्री सहजानंद’ और ‘श्री गजानंद’ जैसे नामों से पैक कर सूरत शहर और आसपास के इलाकों में शुद्ध घी के रूप में बेचा जा रहा था।

पुलिस ने आरोपी को किया गिरफ्तार

छापेमारी के दौरान पुलिस ने 32 वर्षीय निहार भरत मवळिया को मौके से गिरफ्तार किया।

पुलिस ने वहां से

  • 583 किलोग्राम नकली घी (कीमत लगभग 3.5 लाख रुपये)
  • 2200 खाली और भरे हुए डिब्बे
  • सोयाबीन तेल और डालडा के डिब्बे
  • सीलिंग मशीन, वजन कांटा, थर्मामीटर और गैस सिलेंडर

सहित करीब 5 लाख रुपये का सामान जब्त किया

फिलहाल पुलिस इस पूरे मामले में फरार मास्टरमाइंड की तलाश कर रही है और यह भी जांच कर रही है कि यह नकली घी किन-किन इलाकों में सप्लाई किया जा रहा था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *