कराची, पाकिस्तान : पाकिस्तान के कराची से एक बड़ी खबर सामने आई है। यहां गुरुवार को एक अपार्टमेंट में गैस लीकेज के बाद जोरदार धमाका हो गया, जिससे इमारत का एक हिस्सा ढह गया। इस हादसे में महिलाओं और बच्चों समेत कम से कम 16 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 14 से अधिक लोगों के घायल होने की जानकारी सामने आई है।
स्थानीय पुलिस प्रमुख ने दी जानकारी
स्थानीय पुलिस प्रमुख रिज़वान पटेल ने बताया कि विस्फोट की घटना कराची के एक रिहायशी इलाके में हुई। अभी भी मलबे में कोई फंसा हुआ है या नहीं, यह पता लगाने के लिए बचावकर्मी मलबा हटाने का काम कर रहे हैं। पहले 13 लोगों की मौत की पुष्टि हुई थी, लेकिन रेस्क्यू के दौरान तीन और शव मिलने के बाद मृतकों की संख्या बढ़कर 16 हो गई।

रमजान के पहले रोज़े के दिन हुआ हादसा
पुलिस अधिकारी जमशेद अशरफ के अनुसार, यह विस्फोट सुबह करीब 4:30 बजे ओल्ड सोल्जर बाजार इलाके में स्थित एक इमारत की पहली मंजिल पर हुआ। यह वही समय था जब लोग रमजान के पहले रोज़े के लिए सहरी करने के लिए जागे हुए थे। पुलिस ने प्रारंभिक जांच में गैस लीकेज को ही विस्फोट का कारण बताया है। मामले की आगे जांच जारी है।
मृतकों में सबसे ज्यादा बच्चे
फायर ब्रिगेड के मुख्य अधिकारी हुमायूं खान ने बताया कि मृतकों में कम से कम 9 बच्चे शामिल हैं, जिनकी उम्र 2 से 17 वर्ष के बीच थी। घायलों में भी सात बच्चे शामिल हैं। उन्होंने कहा कि धमाका इतना तेज था कि जर्जर इमारत का पूरा स्लैब ढह गया।
गौरतलब है कि पाकिस्तान के सबसे बड़े शहर कराची में गैस की कमी के कारण निम्न आय वर्ग के लोग अपने घरों में एलपीजी सिलेंडर का इस्तेमाल करते हैं, जिससे इस तरह की घटनाओं का जोखिम बढ़ जाता है।
