Mumbai के Mulund पश्चिम इलाके में शनिवार दोपहर मेट्रो निर्माण कार्य के दौरान एक भयावह हादसा हो गया। एलबीएस रोड पर Johnson & Johnson कंपनी के पास निर्माणाधीन मेट्रो पिलर का बड़ा सीमेंट स्लैब अचानक टूटकर नीचे गिर गया। यह मलबा नीचे से गुजर रही एक ऑटो रिक्शा और कार पर गिरते ही अफरा-तफरी मच गई। इस हादसे में एक व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 4 से अधिक लोग घायल बताए जा रहे हैं।
फायर ब्रिगेड के एक अधिकारी के अनुसार, “पिलर का सीमेंट स्लैब टूटकर ऑटो रिक्शा पर गिरा, जिससे थ्री-व्हीलर पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। इस घटना में तीन से चार लोग घायल हुए हैं। फायर ब्रिगेड और पुलिस द्वारा राहत और बचाव कार्य जारी है। मेट्रो निर्माण कंपनी के अधिकारी भी मौके पर मौजूद हैं।”
BMC ने क्या कहा?
दुर्घटना को लेकर Brihanmumbai Municipal Corporation (BMC) ने बताया कि दोपहर लगभग 12:20 बजे मुलुंड स्थित एलबीएस रोड पर मेट्रो पिलर का एक हिस्सा गिर गया। निर्माण कार्य के दौरान सीमेंट का हिस्सा टूटकर एक रिक्शा पर आ गिरा। मुंबई फायर ब्रिगेड, पुलिस, मेट्रो स्टाफ, वार्ड स्टाफ और 108 एम्बुलेंस मौके पर मौजूद हैं।

रिक्शा चकनाचूर, यात्री फंसे
प्राप्त जानकारी के अनुसार हादसा दोपहर करीब 12:20 बजे हुआ। उस समय रिक्शा में सवार 3 से 4 यात्री गंभीर रूप से घायल हुए होने की आशंका है। पिलर का हिस्सा इतना भारी था कि रिक्शा पूरी तरह दबकर टूट गया।
बचाव कार्य और ट्रैफिक डायवर्जन
घटना की सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड, स्थानीय पुलिस, मेट्रो के वरिष्ठ अधिकारी, वार्ड स्टाफ और एम्बुलेंस मौके पर पहुंच गए। मलबे में फंसे लोगों को निकालकर अस्पताल पहुंचाने का काम युद्धस्तर पर चल रहा है। पुलिस ने एहतियात के तौर पर इलाके को घेर लिया है और एलबीएस रोड का ट्रैफिक अन्य मार्गों पर डायवर्ट कर दिया गया है।
फिलहाल यह जांच की जा रही है कि हादसा मेट्रो ठेकेदार की लापरवाही से हुआ या इसके पीछे कोई अन्य कारण है।
