4 करोड़ कैश… ट्रॉली बैग में छुपाकर! रिश्वत लेते पकड़ा गया बड़ा सरकारी अफसर — खुलासे ने मचा दी सनसनी!

बुधवार को ओडिशा की राजधानी भुवनेश्वर में भ्रष्टाचार निरोधक एजेंसी ने कटक सर्कल माइंस के डिप्टी डायरेक्टर देवब्रत मोहंती के फ्लैट से 4 करोड़ रुपये नकद जब्त किए। अधिकारियों के अनुसार यह ओडिशा विजिलेंस के इतिहास में अब तक की सबसे बड़ी नकदी बरामदगी है। देवब्रत मोहंती को एक दिन पहले ही ट्रैप बिछाकर गिरफ्तार किया गया था, जब वह कथित रूप से एक लाइसेंसधारी कोयला विक्रेता से 30 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए पकड़ा गया।

गिरफ्तारी के बाद विजिलेंस अधिकारियों ने उससे जुड़े कई ठिकानों पर छापेमारी की, जिसमें पाटिया के श्री विहार स्थित नेचर्स क्रेस्ट अपार्टमेंट में उसका आवासीय फ्लैट, भद्रक जिले के मथासाही में पैतृक घर और कटक में उसका ऑफिस चैंबर शामिल है।

जारी छापेमारी के दौरान अधिकारियों ने भुवनेश्वर स्थित फ्लैट के अंदर ट्रॉली बैग और अलमारी में छिपाकर रखी बड़ी रकम बरामद की। जब्त की गई नकदी की गिनती की जा रही है, ताकि कुल राशि का सटीक आंकड़ा सामने आ सके। इसके अलावा आरोपी के ऑफिस के ड्रॉअर और निजी सामान से 1.20 लाख रुपये भी बरामद किए गए।

विजिलेंस टीम को आरोपी की अन्य संपत्तियों की भी जानकारी मिली है, जिनमें भुवनेश्वर के पहला इलाके में लगभग 2,400 वर्ग फुट का दो मंजिला मकान और करीब 130 ग्राम सोना सहित अन्य संपत्तियां शामिल हैं। सर्च ऑपरेशन अभी भी जारी है और अधिकारियों का कहना है कि जांच आगे बढ़ने के साथ और जानकारी साझा की जाएगी। यह भी आशंका जताई जा रही है कि आरोपी के पास से और काला धन तथा अवैध सामग्री बरामद हो सकती है।

आरोपी अधिकारी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया है। यह जब्ती इसलिए भी चर्चा में है क्योंकि इसने 2022 का रिकॉर्ड तोड़ दिया है। इससे पहले 7 अप्रैल 2022 को गंजाम जिले में एक असिस्टेंट इंजीनियर के घर से 3.4 करोड़ रुपये बरामद हुए थे, जो उस समय की सबसे बड़ी जब्ती थी।

Follow WhatsApp Channel :- RTC Daily

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *