प्राइवेट फोटो या वीडियो लीक हो जाए तो क्या करें? जानिए तुरंत हटाने का तरीका

अगर कोई आपकी अनुमति के बिना सोशल मीडिया पर आपका निजी फोटो या वीडियो पोस्ट करता है, तो उसे ज्यादा फैलने से रोकने, सोशल मीडिया से हटवाने और आरोपी के खिलाफ कार्रवाई के लिए तुरंत कदम उठाना बेहद जरूरी है।

कल्पना कीजिए कि कोई पुराना, निजी फोटो या वीडियो, जिसे आपने कभी साझा नहीं किया, अचानक सोशल मीडिया पर वायरल हो जाए—तो आप क्या करेंगे? अगर आपके साथ ऐसा कभी होता है, तो घबराएं नहीं। यहां हम बताएंगे कि बिना आपकी अनुमति ऑनलाइन पोस्ट किए गए आपके निजी फोटो या वीडियो को तुरंत कैसे हटाया जा सकता है।

सबसे पहले, StopNCII.org नाम की एक वेबसाइट है, जहां आप रिपोर्ट कर सकते हैं। रिपोर्ट करने के बाद यह वेबसाइट इंटरनेट और विभिन्न प्लेटफॉर्म्स से आपके फोटो और वीडियो को हटाने का प्रयास करती है।

दूसरा तरीका यह है कि आप कोर्ट से आदेश लेकर संबंधित वेबसाइट्स से फोटो और वीडियो डिलीट करवा सकते हैं। हालांकि यह एक सामान्य कानूनी प्रक्रिया है, जिसमें समय लग सकता है। इस दौरान कंटेंट कई जगह फैल भी सकता है।

इसके अलावा, सबसे पहले उस वीडियो या पोस्ट को संबंधित सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर रिपोर्ट करें। इसके बाद आप सरकार की आधिकारिक वेबसाइट cybercrime.gov.in पर शिकायत दर्ज करा सकते हैं। वहां से सभी प्लेटफॉर्म्स से वीडियो हटाने की प्रक्रिया शुरू की जाती है। महिलाओं से जुड़े मामलों में आमतौर पर त्वरित कार्रवाई की जाती है।

आप नजदीकी पुलिस स्टेशन जाकर भी शिकायत दर्ज करा सकते हैं। भारतीय न्याय संहिता (BNS), 2023 के तहत, अगर कोई आपकी अनुमति के बिना वीडियो रिकॉर्ड करता है, शेयर करता है या वायरल करता है, तो उस पर वॉयुरिज़्म की धारा 74 और इलेक्ट्रॉनिक मीडिया के माध्यम से अश्लील सामग्री के प्रसार की धारा 77 के तहत मामला दर्ज किया जाता है।

इन धाराओं के तहत दोषी पाए जाने पर आरोपी को 3 से 7 साल की जेल और जुर्माना हो सकता है। यदि किसी महिला को जानबूझकर निशाना बनाया गया हो, तो सजा और भी कठोर हो सकती है।

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस बिना वारंट के भी गिरफ्तारी कर सकती है। यदि आपके पास कंटेंट की लिंक, स्क्रीनशॉट या पोस्ट की तारीख हो, तो उसे सुरक्षित रखें—यह शिकायत में सबूत के रूप में काम आएगा। इसके अलावा, सायबर हेल्पलाइन 1930 पर कॉल करके सलाह लें। ऐसे मामलों में देर न करें और घबराएं नहीं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *