🎬 रणवीर सिंह की ब्लॉकबस्टर ‘धुरंधर’ आज से नेटफ्लिक्स पर स्ट्रीम

बॉक्स ऑफिस पर रिकॉर्डतोड़ सफलता हासिल करने के बाद रणवीर सिंह स्टारर फिल्म ‘धुरंधर’ ने अब डिजिटल प्लेटफॉर्म पर कदम रख दिया है। यह बहुप्रतीक्षित फिल्म शुक्रवार आधी रात से नेटफ्लिक्स पर स्ट्रीम होना शुरू हो गई है, जिससे इसकी वैश्विक पहुंच और भी बढ़ गई है।

हिंदी के अलावा तमिल और तेलुगु भाषाओं में भी फिल्म उपलब्ध कराई गई है, ताकि अलग-अलग क्षेत्रों के दर्शक इसका आनंद ले सकें।

नेटफ्लिक्स इंडिया की वीपी ऑफ कंटेंट मोनिका शेरगिल ने कहा,
“धुरंधर एक सच्चा पॉप-कल्चर मोमेंट बन चुकी है। यह एक ऐसी ब्लॉकबस्टर है जिसने बड़े पैमाने पर दर्शकों की कल्पना और बातचीत को प्रभावित किया है। हम इस फिल्म को नेटफ्लिक्स पर लाकर बेहद उत्साहित हैं, जहां यह 190 से अधिक देशों के दर्शकों तक पहुंचेगी। निर्देशक आदित्य धर की शानदार दृष्टि और जियो स्टूडियोज व B62 स्टूडियोज के प्रोडक्शन के साथ यह हमारी रचनात्मक साझेदारी का एक और मजबूत अध्याय है।”

उन्होंने फिल्म की स्टारकास्ट की तारीफ करते हुए कहा कि रणवीर सिंह, अक्षय खन्ना और पूरी टीम की दमदार परफॉर्मेंस इसे स्ट्रीमिंग पर सबसे ज्यादा इंतजार की जाने वाली फिल्मों में शामिल करती है।

फिल्म के निर्देशक आदित्य धर ने डिजिटल रिलीज पर खुशी जताते हुए कहा,
“थिएटर में दर्शकों की प्रतिक्रिया बेहद विनम्र करने वाली रही। अब नेटफ्लिक्स के साथ धुरंधर एक नए अध्याय में प्रवेश कर रही है, जहां नए दर्शक इसकी परतों को खोज पाएंगे।”

वहीं जियो स्टूडियोज की प्रेसिडेंट ज्योति देशपांडे ने कहा कि धुरंधर ने न सिर्फ बॉक्स ऑफिस पर नए रिकॉर्ड बनाए, बल्कि भारतीय सिनेमा की वैश्विक ताकत को भी दिखाया। उन्होंने बताया कि फिल्म का चैप्टर-स्टाइल नैरेटिव दर्शकों को खूब पसंद आया।

B62 स्टूडियोज के निर्माता लोकेश धर ने इसे भारतीय सिनेमा के लिए गर्व का क्षण बताते हुए कहा कि अब नेटफ्लिक्स के जरिए यह फिल्म दुनिया भर के दर्शकों तक पहुंचेगी।

‘धुरंधर’ ने ‘पुष्पा 2: द रूल’ को पीछे छोड़ते हुए अब तक की सबसे ज्यादा कमाई करने वाली हिंदी फिल्म का खिताब अपने नाम किया है। रणवीर सिंह के अलावा फिल्म में संजय दत्त, अर्जुन रामपाल, आर. माधवन और अक्षय खन्ना अहम भूमिकाओं में नजर आते हैं।

यह फिल्म दो भागों की फ्रेंचाइज़ी के रूप में बनाई गई है, जिसका सीक्वल 19 मार्च 2026 को रिलीज होने वाला है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *