शेयर बाजार में भूकंप! सेंसेक्स 1150 अंक टूटा, सोना-चांदी में भी भारी उतार-चढ़ाव

Market Crash: मंगलवार का दिन शेयर बाजार निवेशकों के लिए “अमंगल” साबित हो रहा है। गिरावट के साथ खुला बाजार देखते ही देखते क्रैश हो गया। बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज (BSE) का सेंसेक्स खुलने के बाद लगातार लुढ़कता रहा और दोपहर 12 बजे के आसपास 1150 अंकों से ज्यादा टूट गया। वहीं निफ्टी 50 भी 300 अंकों से अधिक फिसल गया, जिससे निवेशकों के लाखों करोड़ रुपये पल भर में स्वाहा हो गए।

सिर्फ शेयर बाजार ही नहीं, बल्कि सप्ताह के दूसरे ट्रेडिंग दिन कमोडिटी मार्केट में भी भारी उथल-पुथल देखने को मिली। एक तरफ सोने के दाम में अचानक बड़ी गिरावट आई है, तो दूसरी तरफ चांदी के भाव में तेज अस्थिरता देखी जा रही है।

देखते ही देखते सेंसेक्स-निफ्टी क्रैश

शेयर बाजार की बात करें तो मंगलवार को सेंसेक्स पिछले 83,294 के बंद स्तर के मुकाबले गिरावट के साथ 83,052 पर खुला था। ओपनिंग के बाद गिरावट तेज हो गई और थोड़ी ही देर में सेंसेक्स 1157 अंक टूटकर 82,137 के स्तर पर पहुंच गया।

सेंसेक्स की तरह निफ्टी-50 में भी बड़ा झटका देखने को मिला। निफ्टी सोमवार को 25,713 पर बंद हुई थी और मंगलवार को 25,641 पर खुली। इसके बाद निफ्टी 326 अंक गिरकर 25,387 के स्तर तक आ गई।

सोना अचानक इतना सस्ता हुआ

कमोडिटी मार्केट में सोने की चाल भी बदली हुई नजर आई। मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज (MCX) पर 2 अप्रैल एक्सपायरी वाला सोना सोमवार को ₹1,61,598 (प्रति 10 ग्राम) पर बंद हुआ था, जो मंगलवार को गिरकर ₹1,60,295 तक पहुंच गया। यानी सोना ₹2303 सस्ता हो गया। इस गिरावट के बाद 24 कैरेट सोना अपने हाई लेवल से करीब ₹32,801 सस्ता मिल रहा है।

चांदी के भाव में भारी उतार-चढ़ाव

चांदी के दाम में शुरुआत से ही अस्थिरता देखी गई। 5 मार्च एक्सपायरी वाली चांदी ग्रीन जोन में खुली थी, लेकिन अचानक इसमें ₹2100 से ज्यादा की गिरावट आई। हालांकि थोड़ी देर बाद यह फिर रिकवर होकर ग्रीन जोन में आ गई। खबर लिखे जाने तक चांदी ₹1300 की तेजी के साथ कारोबार कर रही थी, लेकिन अपने हाई लेवल (₹4,20,048 प्रति किलो) के मुकाबले अभी भी लगभग ₹1.56 लाख सस्ती मिल रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *