Stock Market News: सोना और चांदी में बड़ी गिरावट के बाद आज शेयर बाजार में भी भारी बिकवाली देखने को मिली। सेंसेक्स 850 से अधिक अंक टूट गया, जबकि निफ्टी 274 अंकों तक फिसल गया। इससे निवेशकों में घबराहट का माहौल बन गया और लाखों-करोड़ों रुपये की पूंजी साफ हो गई।
सेंसेक्स की स्थिति
आज सेंसेक्स 82,902 अंक पर खुला। शुरुआत में थोड़ी तेजी दिखी और यह 83,079 तक पहुंचा, लेकिन अचानक बिकवाली बढ़ने से यह गिरकर 82,791 अंक तक आ गया।
गौरतलब है कि पिछले कारोबारी दिन सेंसेक्स 83,674 पर बंद हुआ था। इस हिसाब से आज इसमें करीब 883 अंकों की गिरावट दर्ज की गई।
निफ्टी में भी भारी गिरावट
निफ्टी कल 25,807 पर बंद हुआ था। आज यह 25,571 पर खुला, यानी 236 अंकों के गैप-डाउन के साथ। खबर लिखे जाने तक निफ्टी 25,525 के निचले स्तर तक फिसल गया और फिर हल्की रिकवरी के साथ 25,540 के आसपास कारोबार करता दिखा।
गिरावट की वजह क्या है?
बाजार में गिरावट की बड़ी वजह आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) को माना जा रहा है, जिससे वैश्विक स्तर पर चिंता बढ़ी है। खासकर आईटी सेक्टर में भारी दबाव देखा गया।
टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज (TCS), इंफोसिस, एचसीएल टेक और टेक महिंद्रा जैसे शेयरों में तेज गिरावट आई।
अमेरिकी बाजारों में लगातार तीसरे दिन गिरावट दर्ज की गई, जिसका असर एशियाई बाजारों पर भी पड़ा। निवेशकों को डर है कि AI के नए टूल्स पारंपरिक बिजनेस मॉडल को नुकसान पहुंचा सकते हैं और कंपनियों के मुनाफे पर असर डाल सकते हैं।
सबसे ज्यादा असर लॉजिस्टिक्स, रियल एस्टेट और सॉफ्टवेयर सेक्टर पर देखने को मिल रहा है। अमेरिकी बाजार से करीब 1 ट्रिलियन डॉलर (लगभग 90 लाख करोड़ रुपये) की पूंजी साफ हो चुकी है।
