Silver Bubble Burst : सोना-चांदी की कीमतों में गिरावट का दौर लगातार जारी है और हर दिन ये कीमती धातुएं सस्ती होती जा रही हैं। सोमवार को बड़ी गिरावट के बाद मंगलवार को भी चांदी की कीमतों में तेज गिरावट देखने को मिली। Multi Commodity Exchange (MCX) पर बाजार खुलते ही चांदी के दाम में ₹4,600 से अधिक की कमी दर्ज की गई। दूसरी तरफ सोने की कीमतें भी नीचे आई हैं। चांदी अब अपने ऑल-टाइम हाई से ₹1.80 लाख प्रति किलो से ज्यादा सस्ती हो चुकी है, जबकि सोना ₹38,000 से अधिक सस्ता हो गया है।
क्या चांदी का बुलबुला फूट गया है?
सबसे पहले चांदी की कीमतों में लगातार आ रही गिरावट की बात करें तो पिछले कुछ दिनों में ऐसा लग रहा है जैसे चांदी का बुलबुला फूट गया हो। 29 जनवरी को चांदी की कीमत पहली बार ₹4 लाख प्रति किलो को पार करते हुए ₹4,20,048 के ऐतिहासिक स्तर पर पहुंची थी। उस उच्च स्तर से अब तक चांदी ₹1,80,157 प्रति किलो तक सस्ती हो चुकी है।

मंगलवार को खुलते ही चांदी धड़ाम
सप्ताह के दूसरे कारोबारी दिन मंगलवार को भी एमसीएक्स पर चांदी की कीमत खुलते ही गिर गई। सोमवार को 5 मार्च एक्सपायरी वाली चांदी ₹2,39,891 प्रति किलो पर बंद हुई थी, जबकि मंगलवार को खुलते ही यह गिरकर ₹2,35,206 पर पहुंच गई। यानी एक झटके में 1 किलो चांदी की कीमत ₹4,685 घट गई।
सोने की हालत भी चांदी जैसी
चांदी के बाद अगर सोने की बात करें तो इस कीमती धातु में भी लगातार गिरावट देखी जा रही है, हालांकि बीच-बीच में थोड़ी तेजी भी आई थी। मंगलवार को 2 अप्रैल एक्सपायरी वाला सोना अपने पिछले बंद ₹1,54,760 से गिरकर ₹1,53,550 प्रति 10 ग्राम पर आ गया। यानी सोने में ₹1,210 की गिरावट दर्ज की गई।
अपने हाई लेवल से सोना कितना सस्ता?
सोने की कीमत ने भी 29 जनवरी को चांदी की तरह अपना अब तक का उच्चतम स्तर छुआ था। 24 कैरेट सोना ₹1,93,096 प्रति 10 ग्राम तक पहुंच गया था। इसके बाद कीमतों में गिरावट शुरू हुई जिसका असर अब तक जारी है। सोना अपने उच्च स्तर से अब तक ₹38,336 प्रति 10 ग्राम सस्ता हो चुका है।
