एक और विमान का इंजन फेल! दिल्ली एयरपोर्ट पर स्पाइसजेट फ्लाइट की इमरजेंसी लैंडिंग

Flight Emergency Landing In Delhi Airport: दिल्ली के इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा पर मंगलवार (24 फरवरी) को एक बड़ा विमान हादसा टल गया। स्पाइसजेट की दिल्ली से लेह जा रही बोइंग 737 फ्लाइट के एक इंजन में तकनीकी खराबी आने के बाद उसे तुरंत वापस दिल्ली लाकर इमरजेंसी लैंडिंग करानी पड़ी। विमान में सवार सभी 150 यात्री सुरक्षित बताए जा रहे हैं।

टेकऑफ के कुछ ही मिनटों बाद आई खराबी

स्पाइसजेट की फ्लाइट SG121 ने दिल्ली एयरपोर्ट से लेह के लिए उड़ान भरी थी। लेकिन टेकऑफ के कुछ ही समय बाद क्रू मेंबर्स को विमान में गंभीर तकनीकी समस्या का पता चला। रिपोर्ट के अनुसार विमान का इंजन नंबर 2 फेल हो गया था, जिसके बाद पायलट ने एहतियात के तौर पर लेह जाने के बजाय दिल्ली लौटने का फैसला किया।

एयरपोर्ट पर हाई अलर्ट और सुरक्षित लैंडिंग

इमरजेंसी लैंडिंग की सूचना मिलते ही दिल्ली एयरपोर्ट पर हाई अलर्ट घोषित कर दिया गया। रनवे पर फायर ब्रिगेड, मेडिकल टीम और सुरक्षा एजेंसियों को तैनात कर दिया गया था। पायलट की सूझबूझ से विमान की सुरक्षित लैंडिंग कराई गई। लैंडिंग के बाद सभी यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।

स्पाइसजेट के प्रवक्ता ने बताया कि तकनीकी समस्या के कारण फ्लाइट को वापस बुलाया गया था। कॉकपिट में किसी प्रकार का “फायर वार्निंग” नहीं मिला। यात्रियों के लिए वैकल्पिक यात्रा की व्यवस्था की जा रही है।

बढ़ती विमान घटनाएं चिंता का विषय

गौरतलब है कि पिछले कुछ समय से एयरलाइंस में तकनीकी खराबी और धमकी के मामले बढ़ रहे हैं। 14 फरवरी को भी इंडिगो की डिब्रूगढ़–कोलकाता फ्लाइट में बम की धमकी मिलने के बाद इमरजेंसी लैंडिंग करानी पड़ी थी। लगातार सामने आ रही तकनीकी समस्याओं के कारण अब विमानों की मेंटेनेंस पर भी सवाल उठ रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *