Surat SOG Raid:
सूरत शहर को नशामुक्त बनाने के अभियान के तहत सूरत स्पेशल ऑपरेशन ग्रुप (SOG) को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने पुना इलाके में रिहायशी क्षेत्र की आड़ में चल रही MD ड्रग्स बनाने की हाईटेक लैब पर गुप्त सूचना के आधार पर छापा मारकर उसका पर्दाफाश किया।
खुद ही बनाते थे ‘क्रिस्टल मेथ’
पुलिस के मुताबिक, इस लैब में तीन पढ़े-लिखे युवक मिलकर केमिकल प्रक्रिया के जरिए क्रिस्टल बेस MD (क्रिस्टल मेथ) ड्रग्स बनाते थे। शुरुआती जांच में सामने आया है कि आरोपी खुद ही ड्रग्स बनाकर शहर के अलग-अलग इलाकों में इसकी सप्लाई करते थे।

SOG पुलिस ने पुख्ता सूचना के आधार पर पूरी लैब पकड़ी। मौके से ड्रग्स बनाने में इस्तेमाल होने वाले केमिकल्स, उपकरण, तैयार ड्रग्स का स्टॉक और कच्चा माल जब्त किया गया है। साथ ही लैब चला रहे तीनों युवकों को गिरफ्तार कर लिया गया है।
पुलिस सूत्रों का कहना है कि आरोपियों ने ऑनलाइन माध्यमों या अन्य स्रोतों से ड्रग्स बनाने की जानकारी हासिल की होगी। वे क्रिस्टल रूप में ड्रग्स बनाकर युवाओं को नशे की लत लगाने का बड़ा नेटवर्क चला रहे थे।
जांच तेज

SOG पुलिस ने लैब से सारा सामान जब्त कर लिया है और फॉरेंसिक साइंस लैब (FSL) की मदद भी ली जा रही है। यह पता लगाया जा रहा है कि ड्रग्स बनाने के केमिकल्स कहां से लाए जाते थे और अब तक कितने लोगों को यह नशा बेचा गया है। मामले में पुलिस की जांच तेज़ी से जारी है।
