Vimal Elaichi Controversy: महाराष्ट्र खाद्य एवं औषधि प्रशासन (FDA) के प्रमुख तुकाराम मुंढे ने बॉलीवुड अभिनेता शाहरुख खान, अजय देवगन और टाइगर श्रॉफ को ‘विमल इलायची’ के विज्ञापन को लेकर 9 पन्नों की शो-कॉज नोटिस जारी की है। तीनों अभिनेताओं को नोटिस का जवाब देने के लिए 15 दिन का समय दिया गया है।
तीनों कलाकार वर्ष 2024 में ‘विमल’ कंपनी की इलायची के विज्ञापन में साथ नजर आए थे। महाराष्ट्र FDA के अनुसार, प्रथम दृष्टया इस विज्ञापन के जरिए राज्य में प्रतिबंधित पान मसाला उत्पाद का अप्रत्यक्ष या सरोगेट प्रमोशन किए जाने की आशंका है।
विज्ञापन में क्या है विवाद?
नोटिस में आरोप लगाया गया है कि विज्ञापन में ‘विमल इलायची’ ब्रांड का इस्तेमाल इस तरह किया गया है, जिससे उसका संबंध मुख्य ‘विमल’ पान मसाला ब्रांड से जुड़ता हुआ दिखाई देता है।
महाराष्ट्र में पान मसाला के उत्पादन, भंडारण, परिवहन, वितरण और बिक्री पर कानूनी प्रतिबंध है। FDA का कहना है कि यदि इलायची या इसी तरह के किसी अन्य उत्पाद के नाम के जरिए पान मसाला या तंबाकू उत्पाद की ब्रांड पहचान को बनाए रखने अथवा उसका प्रचार करने की कोशिश की जाती है, तो इसे सरोगेट विज्ञापन माना जा सकता है।
कलाकारों से मांगे गए दस्तावेज
तुकाराम मुंढे की ओर से जारी नोटिस में तीनों अभिनेताओं से विज्ञापन से जुड़े दस्तावेज भी मांगे गए हैं। इनमें एंडोर्समेंट एग्रीमेंट की प्रतियां, भुगतान का विवरण और अभियान से संबंधित अन्य दस्तावेज शामिल हैं।
नोटिस में कलाकारों को अभियान से तत्काल हटने और अपने सोशल मीडिया अकाउंट्स से संबंधित प्रमोशनल कंटेंट हटाने के निर्देश भी दिए गए हैं।
गुमराह करने वाले विज्ञापन पर लग सकता है जुर्माना
मौजूदा कानूनी प्रावधानों के तहत गुमराह करने वाले विज्ञापन और एंडोर्समेंट के मामले में ₹10 लाख से ₹50 लाख तक का जुर्माना लगाया जा सकता है। इसके अलावा संबंधित सेलिब्रिटी पर कुछ परिस्थितियों में उत्पादों के एंडोर्समेंट से प्रतिबंध भी लगाया जा सकता है।
हालांकि, इस मामले में अंतिम कार्रवाई नोटिस के जवाब और संबंधित अधिकारियों की जांच के बाद ही तय होगी।
अक्षय कुमार भी पहले घिरे थे विवाद में
सरोगेट विज्ञापन को लेकर बॉलीवुड में पहले भी विवाद हो चुका है। वर्ष 2022 में अभिनेता अक्षय कुमार एक ऐसे ही विज्ञापन में नजर आने के बाद सोशल मीडिया पर आलोचना का सामना कर चुके हैं। इसके बाद उन्होंने सार्वजनिक रूप से माफी मांगी थी और ब्रांड से अलग होने की घोषणा की थी।
अब शाहरुख खान, अजय देवगन और टाइगर श्रॉफ को जारी नोटिस के बाद एक बार फिर सेलिब्रिटी एंडोर्समेंट और सरोगेट विज्ञापन का मुद्दा चर्चा में आ गया है।
