रूस का जवाबी हमला: भारतीय अरबपति लक्ष्मी मित्तल की फैक्ट्री पर मिसाइल हमला, कामकाज ठप

रूस-यूक्रेन युद्ध ने रविवार को एक बार फिर हिंसक मोड़ ले लिया। यूक्रेन ने रूस पर अब तक के सबसे बड़े ड्रोन हमलों में से एक करते हुए 822 ड्रोन लॉन्च किए। इसके जवाब में रूस ने यूक्रेन के कई इलाकों पर भारी मिसाइल हमले किए। इन हमलों में भारतीय अरबपति लक्ष्मी मित्तल के समूह से जुड़ी आर्सेलरमित्तल क्रिवी रिह स्टील प्लांट को भी नुकसान पहुंचा है। सुरक्षा कारणों से प्लांट का कामकाज आंशिक रूप से रोकना पड़ा। हमलों में कम से कम 6 लोगों की मौत की खबर है।

रूस पर यूक्रेन का 822 ड्रोन से हमला

रूस के रक्षा मंत्रालय के अनुसार, रातभर में यूक्रेन के 822 ड्रोन को नष्ट किया गया। मॉस्को के मेयर सर्गेई सोब्यानिन ने बताया कि करीब 600 ड्रोन मॉस्को की ओर बढ़ रहे थे, जिनमें से लगभग एक-तिहाई को मॉस्को क्षेत्र के ऊपर ही मार गिराया गया।

इस हमले के दौरान कम से कम 6 लोगों की मौत हुई। इसके अलावा रूस के पोडोल्स्क शहर में ऑनलाइन रिटेल कंपनी वाइल्डबेरीज के एक गोदाम में आग लग गई। वहीं, रोस्तोव क्षेत्र में 150 से अधिक ड्रोन हमलों में 5 लोगों की मौत होने की जानकारी सामने आई है।

भारतीय उद्योगपति लक्ष्मी मित्तल की फैक्ट्री बनी निशाना

यूक्रेन के क्रिवी रिह शहर में स्थित आर्सेलरमित्तल क्रिवी रिह (ArcelorMittal Kryvyi Rih) प्लांट पर रूस ने मिसाइल हमला किया। यह कंपनी भारतीय उद्योगपति लक्ष्मी मित्तल के आर्सेलरमित्तल समूह का हिस्सा है।

कंपनी के प्रवक्ता ने पुष्टि की कि रूसी मिसाइल हमले से प्लांट की साइट को नुकसान पहुंचा है। सुरक्षा कारणों से फिलहाल वहां कामकाज रोक दिया गया है। हालांकि, अभी तक नुकसान का विस्तृत आकलन नहीं किया जा सका है।

यूक्रेन में रूसी मिसाइल हमले में 5 की मौत, 14 घायल

यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमिर ज़ेलेंस्की ने बताया कि रूसी मिसाइल हमले में क्रिवी रिह शहर में 2 लोगों की मौत हुई और 14 लोग घायल हुए। इसके अलावा सूमी और दक्षिणी ज़ापोरिज़्झिया क्षेत्र में 3 अन्य लोगों की मौत हुई।

ज़ेलेंस्की ने आरोप लगाया कि रूस उन सभी बुनियादी ढांचों को निशाना बना रहा है, जो उसकी बैलिस्टिक मिसाइलों की पहुंच के भीतर हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *