🧨 इस्लामाबाद में शिया मस्जिद के बाहर बम धमाका, 31 की मौत, 169 घायल

Islamabad Blast: पाकिस्तान की राजधानी इस्लामाबाद के तरलाई इलाके में स्थित इमाम बारगाह खदीजत उल कुबरा के बाहर हुए भीषण बम धमाके में 31 लोगों की मौत हो गई, जबकि 169 से अधिक लोग घायल हो गए हैं। मृतकों की संख्या बढ़ने की आशंका जताई जा रही है।

सभी अस्पतालों में इमरजेंसी घोषित

धमाके के बाद पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही पुलिस और रेस्क्यू टीमें मौके पर पहुंच गईं। विस्फोट के बाद शहर की सभी प्रमुख अस्पतालों में इमरजेंसी घोषित कर दी गई है। घटनास्थल के आसपास के क्षेत्र को घेराबंदी कर जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि बम पहले से लगाया गया था या यह आत्मघाती हमला था।

पाकिस्तान के राष्ट्रपति ने जताया शोक

पाकिस्तान के राष्ट्रपति आसिफ अली जरदारी ने घटना पर गहरा शोक व्यक्त करते हुए कहा कि निर्दोष नागरिकों पर हमला मानवता के खिलाफ अपराध है। उन्होंने घायलों के जल्द स्वस्थ होने की कामना की और बेहतर इलाज के निर्देश दिए।

वहीं, पाकिस्तान के संसदीय कार्य मंत्री तारिक फजल चौधरी ने कहा कि इस्लामाबाद ब्लास्ट में मारे गए लोगों को लेकर वे बेहद दुखी हैं। उन्होंने कहा कि ऐसी आतंकी घटनाएं देश का मनोबल नहीं तोड़ सकतीं और जनता से शांति बनाए रखने व सुरक्षा एजेंसियों को सहयोग देने की अपील की।

तीन महीने पहले भी हुआ था धमाका

गौरतलब है कि इससे पहले 11 नवंबर 2025 को भी इस्लामाबाद में जिला अदालत के बाहर आत्मघाती बम धमाका हुआ था, जिसमें 12 लोगों की मौत और करीब 30 लोग घायल हुए थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *