रविवार का दिन भारतीय बॉक्स ऑफिस के लिए बेहद शानदार साबित हुआ। सिनेमाघरों में चल रही लगभग सभी फिल्मों की कमाई में बढ़ोतरी देखने को मिली। खास बात यह रही कि नई फिल्मों के मुकाबले पुरानी फिल्मों ने ज्यादा दमदार प्रदर्शन किया। जहां एक ओर ‘कृष्णावतारम पार्ट 1: हृदयम’ और ‘दादी की शादी’ जैसी नई रिलीज फिल्मों ने वीकेंड पर रफ्तार पकड़ी, वहीं ‘राजा शिवाजी’, ‘भूत बंगला’ और ‘धुरंधर 2’ जैसी फिल्मों ने शानदार कमाई कर बॉक्स ऑफिस पर अपना दबदबा बनाए रखा।
‘कृष्णावतारम पार्ट 1: हृदयम’ ने वीकेंड पर पकड़ी रफ्तार
पौराणिक विषय पर आधारित फिल्म ‘कृष्णावतारम पार्ट 1: हृदयम’ 7 मई को सिनेमाघरों में रिलीज हुई थी। फिल्म की शुरुआत धीमी रही, लेकिन वीकेंड आते-आते दर्शकों का अच्छा रिस्पॉन्स मिलने लगा। रविवार को फिल्म ने 3.50 करोड़ रुपये का कारोबार किया। शनिवार को इसकी कमाई 2.25 करोड़ रुपये रही थी, जबकि शुक्रवार को फिल्म ने 1.15 करोड़ रुपये कमाए थे। ओपनिंग डे पर फिल्म की कमाई केवल 42 लाख रुपये रही थी। अब तक फिल्म का कुल बॉक्स ऑफिस कलेक्शन 7.32 करोड़ रुपये पहुंच चुका है।
‘दादी की शादी’ को फैमिली ऑडियंस का सपोर्ट
कॉमेडी और फैमिली ड्रामा फिल्म ‘दादी की शादी’ में कपिल शर्मा और नीतू कपूर मुख्य भूमिका में नजर आ रहे हैं। शुक्रवार को रिलीज हुई इस फिल्म को शुरुआती दिन में खास रिस्पॉन्स नहीं मिला, लेकिन वीकेंड में इसकी कमाई में अच्छा उछाल देखने को मिला। रविवार को फिल्म ने 1.70 करोड़ रुपये कमाए। शनिवार को इसका कलेक्शन 1.15 करोड़ रुपये रहा था, जबकि पहले दिन फिल्म ने 60 लाख रुपये की ओपनिंग की थी। अब फिल्म की कुल कमाई 3.45 करोड़ रुपये हो चुकी है।
‘राजा शिवाजी’ का बॉक्स ऑफिस पर जलवा कायम
छत्रपति शिवाजी महाराज के जीवन पर आधारित फिल्म ‘राजा शिवाजी’ लगातार शानदार प्रदर्शन कर रही है। फिल्म 1 मई को रिलीज हुई थी और अब भी दर्शकों के बीच मजबूत पकड़ बनाए हुए है। रविवार को फिल्म ने 6.80 करोड़ रुपये की शानदार कमाई की। शनिवार को इसका कलेक्शन 5.60 करोड़ रुपये और शुक्रवार को 3.20 करोड़ रुपये रहा था। अब तक फिल्म का कुल कलेक्शन 68.25 करोड़ रुपये तक पहुंच चुका है।
फिल्म में जेनेलिया डिसूजा, अभिषेक बच्चन, संजय दत्त, सलमान खान और विद्या बालन जैसे बड़े सितारे नजर आ रहे हैं, जिसकी वजह से फिल्म को लगातार दर्शकों का अच्छा समर्थन मिल रहा है।
‘एक दिन’ बॉक्स ऑफिस पर लगभग आउट
साई पल्लवी और जुनैद खान स्टारर फिल्म ‘एक दिन’ बॉक्स ऑफिस पर संघर्ष करती नजर आ रही है। रविवार को फिल्म केवल 10 लाख रुपये का कारोबार कर पाई। शनिवार को भी फिल्म ने सिर्फ 9 लाख रुपये की कमाई की थी। रिलीज के 10 दिनों बाद फिल्म का कुल कलेक्शन 4.24 करोड़ रुपये तक पहुंच पाया है। कमजोर कहानी और कम प्रमोशन को फिल्म की खराब कमाई का बड़ा कारण माना जा रहा है।
‘भूत बंगला’ और ‘धुरंधर 2’ की कमाई में फिर उछाल
अक्षय कुमार और प्रियदर्शन की हॉरर-कॉमेडी फिल्म ‘भूत बंगला’ लगातार शानदार कमाई कर रही है। रविवार को फिल्म ने 4.10 करोड़ रुपये का बिजनेस किया, जबकि शनिवार को इसका कलेक्शन 3 करोड़ रुपये रहा था। फिल्म की कुल कमाई अब 158.85 करोड़ रुपये तक पहुंच गई है।
वहीं दूसरी ओर ‘धुरंधर 2’ का जलवा भी बरकरार है। रविवार को फिल्म ने 1.10 करोड़ रुपये कमाए। इसके साथ ही फिल्म का कुल घरेलू बॉक्स ऑफिस कलेक्शन 1,143.09 करोड़ रुपये तक पहुंच गया है, जो इसे साल की सबसे बड़ी ब्लॉकबस्टर फिल्मों में शामिल करता है।
