अहमदाबाद में एटीएम के अंदर लोगों की मदद करने के बहाने उनका डेबिट कार्ड बदलकर खाते से पैसे निकालने वाली शातिर गैंग का पर्दाफाश हुआ है। इस गैंग के दो आरोपियों को ईसनपुर पुलिस ने गिरफ्तार किया है। पुलिस जांच में सामने आया है कि इन ठगों ने महिलाओं, वरिष्ठ नागरिकों और नौकरीपेशा लोगों समेत कम से कम 7 लोगों को निशाना बनाकर करीब 3 लाख रुपये से ज्यादा की ठगी की है।
पुलिस के मुताबिक आरोपी जुहापुरा, सरखेज, सैटेलाइट और आसपास के इलाकों में स्थित एटीएम को अपना निशाना बनाते थे। इनमें से एक आरोपी एटीएम के बाहर निगरानी रखता था, जबकि दूसरा अंदर जाकर लोगों से दोस्ताना व्यवहार कर उनकी मदद करने का नाटक करता था। आरोपी कभी मशीन खराब होने, स्लिप न निकलने या ट्रांजैक्शन अटकने का बहाना बनाते और इसी दौरान पीड़ितों का पिन नंबर जान लेते थे। इसके बाद असली एटीएम कार्ड बदलकर किसी दूसरे व्यक्ति के नाम वाला डमी कार्ड पकड़ा देते थे।
जुहापुरा में पहली वारदात
20 मई को 57 वर्षीय शाहनवाज याकूबभाई अजीज सुबह नौकरी पर जाते समय जुहापुरा स्थित HDFC बैंक के एटीएम में पैसे निकालने पहुंचे थे। तभी एक युवक ने उन्हें कहा कि उनकी स्लिप नहीं निकली है और मदद के बहाने उनका पिन जान लिया। बाद में उनका कार्ड बदल दिया गया और खाते से 40 हजार रुपये निकाल लिए गए। बैंक पहुंचने पर उन्हें पता चला कि उनके पास किसी गीताबेन मकवाणा के नाम का कार्ड है।
मदद के नाम पर 50 हजार की ठगी
2 मई को इरशादअली मंसूरी अपनी बहन के खाते से पैसे निकालने बैंक ऑफ बड़ौदा के एटीएम पहुंचे थे। मशीन में एरर आने पर वहां मौजूद आरोपी ने मदद का बहाना बनाकर कार्ड लिया और पिन जान लिया। बाद में उनका कार्ड बदल दिया गया और खाते से 50 हजार रुपये निकाल लिए गए।
HDFC एटीएम से 36 हजार की धोखाधड़ी
16 अप्रैल को महावीर परमार HDFC एटीएम में पैसे निकालने पहुंचे थे। एक बार 20 हजार रुपये निकलने के बाद दूसरी बार ट्रांजैक्शन नहीं हुआ तो आरोपी ने “करंट अकाउंट” विकल्प चुनने की सलाह देकर उनका पिन जान लिया। इसके बाद कार्ड बदलकर आरोपी ने ज्वेलरी शॉप और एटीएम से कुल 36 हजार रुपये निकाल लिए।
महिलाओं और बुजुर्गों को बनाया निशाना
45 वर्षीय कश्मीराबेन कुरैशी जब एटीएम में 30 हजार रुपये जमा कराने पहुंचीं तो आरोपी ने मशीन खराब होने की बात कहकर मदद का नाटक किया। इसी दौरान उनका कार्ड बदल दिया गया और खाते से 31 हजार रुपये निकाल लिए गए।
इसी तरह एक नर्स हिमानी परमार से 1.01 लाख रुपये और एक सिक्योरिटी गार्ड हेमचंद परमार से 39,500 रुपये की ठगी की गई। एक अन्य महिला रीटाबेन तिवारी से भी 40 हजार रुपये उड़ा लिए गए।
पुलिस की जांच में खुलासा
पिछले डेढ़ महीने में वेजलपुर, आनंदनगर और सरखेज पुलिस स्टेशनों में कुल 7 शिकायतें दर्ज हुई थीं। लगातार बढ़ती घटनाओं के बाद पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी जांच के आधार पर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि इस गैंग के साथ और कितने लोग जुड़े हुए हैं और क्या उन्होंने अन्य इलाकों में भी इसी तरह की वारदातों को अंजाम दिया है।
एटीएम इस्तेमाल करते समय रखें ये सावधानियां
- एटीएम के अंदर किसी अजनबी की मदद न लें
- अपना पिन नंबर किसी को न बताएं
- ट्रांजैक्शन के दौरान स्क्रीन और कीपैड को ढककर रखें
- कार्ड बदलने की आशंका हो तो तुरंत बैंक और पुलिस को सूचना दें
- मोबाइल पर आने वाले बैंक मैसेज तुरंत चेक करें
