सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रही Cockroach Janata Party (CJP) एक बार फिर चर्चा में आ गई है। पार्टी के फाउंडर Abhijeet Dipke ने दावा किया है कि उनका पर्सनल इंस्टाग्राम अकाउंट हैक कर लिया गया है और अब वह उसे एक्सेस नहीं कर पा रहे हैं।
अभिजीत दीपके ने अपने निजी X अकाउंट पर जानकारी साझा करते हुए बताया कि उन्होंने अकाउंट रिकवर करने की हर संभव कोशिश की, लेकिन सफलता नहीं मिली। उन्होंने यह भी कहा कि पार्टी का बैकअप इंस्टाग्राम अकाउंट भी कुछ समय के लिए बंद कर दिया गया था, हालांकि बाद में उसे दोबारा एक्टिव कर दिया गया।

कॉकरोच जनता पार्टी की वेबसाइट भी बंद
दूसरी ओर, ‘कॉकरोच जनता पार्टी’ की आधिकारिक वेबसाइट भी फिलहाल डाउन दिखाई दे रही है। वेबसाइट खोलने पर यूजर्स को एरर मैसेज मिल रहा है और साइट तक पहुंच संभव नहीं हो पा रही।
महाराष्ट्र के रहने वाले और वर्तमान में Boston में रहने वाले अभिजीत दीपके ने इस घटना के बाद अपनी सुरक्षा को लेकर भी चिंता जताई है। उन्होंने कहा कि उन्हें डर है कि उन पर दबाव बनाने की कोशिश की जा रही है।
‘कॉकरोच’ टिप्पणी के बाद अचानक वायरल हुई पार्टी
गौरतलब है कि हाल ही में Surya Kant द्वारा युवाओं को लेकर की गई ‘कॉकरोच’ वाली टिप्पणी के बाद यह पार्टी सोशल मीडिया पर अचानक वायरल हो गई थी। इसके बाद से CJP इंटरनेट पर एक व्यंग्यात्मक अभियान के रूप में तेजी से लोकप्रिय हुई।
भारत में X अकाउंट ब्लॉक, इंस्टाग्राम पर 2 करोड़ से ज्यादा फॉलोअर्स
‘कॉकरोच जनता पार्टी’ का आधिकारिक X अकाउंट भारत में ब्लॉक कर दिया गया है, हालांकि अन्य देशों में यह अभी भी देखा जा सकता है।
इन सब विवादों के बावजूद इंस्टाग्राम पर इस पेज की लोकप्रियता लगातार बढ़ती जा रही है। केवल लगभग 80 पोस्ट वाले इस अकाउंट ने फॉलोअर्स के मामले में कई बड़ी राजनीतिक पार्टियों को पीछे छोड़ दिया है। वर्तमान में इसके फॉलोअर्स की संख्या 2.18 करोड़ से अधिक बताई जा रही है।
विपक्षी दलों और युवा नेताओं का मिला समर्थन
इस अनोखे सोशल मीडिया अभियान को अब विपक्षी दलों और छात्र संगठनों का भी समर्थन मिलने लगा है।
Indian Union Muslim League (IUML), Communist Party of India (Marxist) और Indian National Congress के कई युवा नेताओं ने इस अभियान का समर्थन किया है।
नवनिर्वाचित विधायक Abin Varkey समेत कई नेताओं ने शुक्रवार को CJP के समर्थन में बयान दिए। इसके अलावा Students’ Federation of India (SFI) के प्रदेश अध्यक्ष एम. शिवप्रसाद ने भी इस अभियान का समर्थन किया है।
