गुजरात में करेगा बड़ा निवेश ऑस्ट्रेलिया, PM मोदी ने CEO फोरम में रखी भारत की विकास रणनीति

PM Modi Australia Visit 2026: दो दिवसीय आधिकारिक दौरे पर ऑस्ट्रेलिया पहुंचे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मेलबर्न में आयोजित प्रतिष्ठित CEO फोरम को संबोधित किया। इस वैश्विक बिजनेस समिट में भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच व्यापार, शिक्षा, स्वच्छ ऊर्जा और निवेश को लेकर कई महत्वपूर्ण फैसले लिए गए। ऑस्ट्रेलिया के प्रधानमंत्री एंथनी अल्बनीज़ ने घोषणा की कि ऑस्ट्रेलिया का एक उच्चस्तरीय व्यापारिक प्रतिनिधिमंडल इस वर्ष दिसंबर में भारत का दौरा करेगा। साथ ही ऑस्ट्रेलिया की प्रतिष्ठित यूनिवर्सिटियां गुजरात में अपने कैंपस स्थापित करेंगी।

प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि वैश्विक अस्थिरता और सप्लाई चेन की चुनौतियों के बीच भारत और ऑस्ट्रेलिया का विश्वसनीय साझेदार के रूप में साथ आगे बढ़ना समय की जरूरत है।

भारत-ऑस्ट्रेलिया व्यापार बढ़कर 8.5 अरब डॉलर पहुंचा

प्रधानमंत्री मोदी ने बताया कि वर्ष 2022 में हुए Economic Cooperation and Trade Agreement (ECTA) के बाद भारत से ऑस्ट्रेलिया को होने वाला निर्यात लगभग दोगुना हो गया है। पिछले चार वर्षों में दोनों देशों के बीच द्विपक्षीय व्यापार भी तेजी से बढ़ा है।

वित्त वर्ष 2020-21 में जहां दोनों देशों के बीच व्यापार लगभग 4 अरब अमेरिकी डॉलर था, वहीं वित्त वर्ष 2024-25 में यह बढ़कर 8.5 अरब अमेरिकी डॉलर तक पहुंच गया है।

ऑस्ट्रेलिया ने भारतीय उत्पादों पर आयात शुल्क में बड़ी कटौती की है, जबकि भारत ने भी ऑस्ट्रेलियाई उत्पादों पर चरणबद्ध तरीके से शुल्क कम करने का भरोसा दिया है।

क्लीन एनर्जी और 100 गीगावाट न्यूक्लियर पावर का लक्ष्य

CEO फोरम को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री मोदी ने भारत के ऊर्जा क्षेत्र के विजन को साझा किया। उन्होंने कहा कि भारत में हाइड्रो प्रोजेक्ट्स, ग्रीन हाइड्रोजन, सोलर मॉड्यूल और विंड टर्बाइन के लिए मजबूत मैन्युफैक्चरिंग इकोसिस्टम तैयार किया जा रहा है।

भारत ने वर्ष 2030 तक 500 गीगावाट नवीकरणीय ऊर्जा क्षमता और वर्ष 2070 तक नेट-ज़ीरो उत्सर्जन हासिल करने का लक्ष्य रखा है। इसके अलावा वर्ष 2047 तक 100 गीगावाट न्यूक्लियर पावर क्षमता विकसित करने का भी लक्ष्य निर्धारित किया गया है।

प्रधानमंत्री ने कहा कि ऑस्ट्रेलिया के विशाल यूरेनियम भंडार इस दिशा में भारत के लिए महत्वपूर्ण साबित हो सकते हैं। उन्होंने ऑस्ट्रेलियाई निवेशकों को भारत के बंदरगाह, हवाई अड्डे, रेलवे, हाईवे और अन्य इंफ्रास्ट्रक्चर परियोजनाओं में दीर्घकालिक निवेश के लिए आमंत्रित किया।

गुजरात में खुलेंगे ऑस्ट्रेलिया की दो प्रतिष्ठित यूनिवर्सिटी के कैंपस

शिक्षा क्षेत्र में बड़ी साझेदारी के तहत Wollongong University और Deakin University गुजरात में अपने कैंपस शुरू करेंगी। प्रधानमंत्री मोदी ने इसे भारत-ऑस्ट्रेलिया संबंधों का नया अध्याय बताते हुए कहा कि अब दोनों देशों का लक्ष्य केवल स्टूडेंट मोबिलिटी तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि इसे ‘टैलेंट पार्टनरशिप’ में बदला जाएगा।

मेलबर्न में हुआ प्रधानमंत्री मोदी का भव्य स्वागत

मेलबर्न एयरपोर्ट पर भारतीय समुदाय ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का पारंपरिक और भव्य स्वागत किया। इस दौरान प्रसिद्ध तबला वादक डॉ. सैम इवांस और डिडगेरिडू कलाकारों ने विशेष सांस्कृतिक प्रस्तुति दी। वहीं ऑस्ट्रेलियाई सिम्फनी ऑर्केस्ट्रा ने ‘वंदे मातरम्’ की मधुर धुन प्रस्तुत कर सभी का मन मोह लिया।

प्रधानमंत्री मोदी दो दिनों तक ऑस्ट्रेलिया में विभिन्न कार्यक्रमों में हिस्सा लेने के बाद 11 जुलाई को न्यूजीलैंड के लिए रवाना होंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *