अमेरिका के अर्कांसस राज्य में एक महिला के साथ ऐसा चमत्कार हुआ जिसने दुखभरे दौर को उम्मीद में बदल दिया। पेंसिल्वेनिया की रहने वाली केशिया स्मिथ को अपने बेटे और पिता को खोने के कुछ समय बाद स्टेट पार्क में खुदाई के दौरान 3.09 कैरेट का दुर्लभ हीरा मिला। यह अनोखी खोज अब सोशल मीडिया और अंतरराष्ट्रीय मीडिया में चर्चा का विषय बनी हुई है।

दर्दभरे दौर के बीच मिली खुशखबरी
रिपोर्ट के अनुसार, Keshia Smith ने अप्रैल 2026 में अमेरिका के अर्कांसस स्थित Crater of Diamonds State Park का दौरा किया था। यह यात्रा उन्होंने काफी पहले प्लान की थी, लेकिन इस दौरान उनके जीवन में दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। अक्टूबर में उन्होंने अपने बेटे को खो दिया था और यात्रा से कुछ दिन पहले ही उनके पिता का निधन हो गया था।
मानसिक तनाव और दुख से उबरने के लिए वह अपने बॉयफ्रेंड और भाई के साथ इस पार्क पहुंचीं। उन्हें उम्मीद थी कि यह यात्रा उन्हें थोड़ी शांति और राहत देगी।

खुदाई के दौरान दिखी चमकती चीज
पार्क में दूसरे दिन खुदाई करते समय केशिया को मिट्टी में एक चमकदार पत्थर दिखाई दिया। शुरुआत में उन्हें लगा कि यह कोई साधारण पत्थर होगा, इसलिए उन्होंने उसे अपने बैग में रख लिया। बाद में पार्क के अधिकारियों को दिखाने पर पता चला कि वह 3.09 कैरेट का दुर्लभ सफेद हीरा है।
पार्क प्रशासन ने बताया कि यह हीरा “फ्लैट और स्मूद” बनावट वाला है और इसमें कुछ अनोखे प्राकृतिक निशान मौजूद हैं। यह 2026 में पार्क में मिला दूसरा सबसे बड़ा हीरा माना जा रहा है।

खुशी से रो पड़ी महिला
हीरे की पुष्टि होते ही केशिया भावुक हो गईं। उन्होंने कहा कि उन्हें यकीन ही नहीं हो रहा था कि ऐसा वास्तव में हो सकता है। उन्होंने इसे भगवान की दुआ कबूल होने जैसा बताया। महिला के मुताबिक, हीरे का आकार दिल जैसा दिखाई देता है, जिसने उन्हें अपने परिवार की याद दिला दी।

दुनिया के खास पार्कों में शामिल है यह जगह
अर्कांसस का यह पार्क दुनिया की उन चुनिंदा जगहों में शामिल है जहां आम लोग खुदाई करके हीरे खोज सकते हैं और जो भी हीरा मिले, उसे अपने साथ ले जा सकते हैं। यहां हर साल हजारों लोग किस्मत आजमाने पहुंचते हैं, लेकिन 3 कैरेट से बड़े हीरे बेहद कम मिलते हैं। पिछले 10 वर्षों में यहां केवल 15 बड़े हीरे मिलने की पुष्टि हुई है।
हीरे को दिया खास नाम
केशिया स्मिथ ने इस हीरे का नाम “Za’Novia Liberty Diamond” रखा है। उन्होंने यह नाम अपने परिवार और जीवन में नई उम्मीद की शुरुआत को समर्पित किया है। फिलहाल हीरे की कीमत का आधिकारिक आकलन नहीं किया गया है, क्योंकि यह अभी प्राकृतिक और बिना कटिंग वाला हीरा है।
