मुंबई में हुई BCCI की 95वीं Annual General Meeting (AGM) में कई अहम फैसले लिए गए। सबसे ज्यादा चर्चा चीफ सेलेक्टर अजित अगरकर के भविष्य को लेकर रही। उनका मौजूदा कार्यकाल 4 अक्टूबर 2026 को खत्म हो रहा है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, अगरकर कार्यकाल बढ़ाने के इच्छुक नहीं हैं और उन्होंने BCCI को इसकी जानकारी दे दी है। हालांकि, AGM ने चयन समितियों से जुड़े मामलों पर अंतिम फैसला लेने का अधिकार BCCI पदाधिकारियों को दिया है।
जूनियर सेलेक्शन कमेटी में 5 पद
BCCI जूनियर क्रिकेट कमेटी के सभी 5 पद भरने की प्रक्रिया में है। सचिव देवजीत सैकिया के मुताबिक बड़ी संख्या में आवेदन मिले हैं और चयन प्रक्रिया अगले 10-15 दिनों में पूरी करने का लक्ष्य है।
फील्डिंग कोच की नियुक्ति फिलहाल शॉर्ट-टर्म
भारतीय टीम के फील्डिंग कोच सुभदीप घोष की नियुक्ति फिलहाल शॉर्ट-टर्म आधार पर हुई है। उनके प्रदर्शन की समीक्षा के बाद आगे की नियुक्ति पर फैसला लिया जाएगा।
अंपायरों की फीस बढ़ी
AGM ने अंपायरों और मैच रेफरी के भुगतान ढांचे में बदलाव को मंजूरी दी है। नए ग्रेड A, B, C और D के तहत दैनिक भुगतान क्रमशः ₹60,000, ₹50,000, ₹40,000 और ₹35,000 होगा।
Age Verification और Sexual Harassment Policy अपडेट
राज्य इकाइयों में उम्र से जुड़ी धोखाधड़ी के मामलों के बाद BCCI ने Age Verification Policy को अपडेट कर अपनाया है। साथ ही Prevention of Sexual Harassment Policy के तहत नई Internal Committee का गठन किया गया है।
इसके अलावा BCCI ने 2027 में IPL के 20वें संस्करण को भव्य तरीके से मनाने और 2028 में BCCI के शताब्दी समारोह की तैयारियां शुरू करने का फैसला किया है।
